मुंबई इंडियंस की बढ़ें मुश्किलें, कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर सस्पेंस
धर्मशाला पहुंची टीम, हार्दिक नहीं आए नजर
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ 11 मई को धर्मशाला पहुंच गए, लेकिन हार्दिक पांड्या टीम के साथ नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो मुकाबलों से पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे हैं। हालांकि टीम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, हार्दिक के अगले मैच में खेलने की संभावना पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई में मेडिकल स्टाफ उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर वह बाद में धर्मशाला के लिए रवाना हो सकते हैं।
दिलचस्प बात यह भी है कि पिछले मैच से पहले भी हार्दिक टीम से देर से जुड़े थे, लेकिन अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं बन सके थे। सोशल मीडिया पर उनकी फिटनेस को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि टीम सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि मामला केवल चोट से संबंधित है।
सीजन में नहीं चला हार्दिक का बल्ला और गेंद
हार्दिक पांड्या के लिए IPL 2026 अब तक निराशाजनक रहा है। उन्होंने 8 मैचों में केवल 146 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में सिर्फ 4 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में उनकी संभावित गैरमौजूदगी मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है।
Suryakumar Yadav भी टीम के साथ नहीं पहुंचे
मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव भी टीम के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचे। हालांकि उनकी अनुपस्थिति निजी कारणों से बताई जा रही है। हाल ही में पिता बने सूर्यकुमार फिलहाल परिवार के साथ समय बिता रहे हैं और बाद में टीम से जुड़ सकते हैं। हार्दिक की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी संभाली थी। इससे पहले रायपुर में खेले गए मुकाबले के दौरान भी वह मैच के दिन सीधे टीम से जुड़े थे।
प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है मुंबई
मुंबई इंडियंस का IPL 2026 अभियान लगभग समाप्त हो चुका है। टीम 11 मैचों में सिर्फ 3 जीत के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। अब मुंबई इंडियंस को अपने बचे हुए मुकाबले Kolkata Knight Riders और Rajasthan Royals सहित पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलने हैं।
