छठ पूजा की तैयारियों को लेकर पालिका अध्यक्ष ने किया घाटों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
बलरामपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पालिका परिषद बलरामपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने शनिवार को नगर के प्रमुख छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीचर्स कॉलोनी घाट, तुलसीदास पोखरा घाट, राप्ती घाट और झारखंडी सरोवर पहुंचकर साफ-सफाई, जलाशयों की स्थिति तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
घाटों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कराई जाएं। उन्होंने कहा कि पूजा स्थलों पर किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।

डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर पालिका का संकल्प है कि लोक आस्था के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं और नगरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी छठ घाटों पर स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार और जनआस्था का सम्मान नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण में ये रहे मौजूद
इस दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, डीपी सिंह बैस, सभासद संदीप मिश्र, जेई सिविल अवनीश यादव, सफाई निरीक्षक दिवाकर पाण्डेय, गौरव मिश्र, शिवम मिश्र सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

