झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिले नगर पालिका अध्यक्ष
झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिले नगर पालिका राष्ट्रपति
Sun, 4 Jan 2026
बलरामपुर। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार भेंट कर नगर के समग्र एवं चौमुखी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नगर की वर्षों पुरानी और अत्यंत ज्वलंत समस्या झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज (रेलवे सेतु) के शीघ्र निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग बलरामपुर नगर का प्रमुख आवागमन मार्ग है, जहाँ प्रतिदिन हजारों नागरिक, विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोग गुजरते हैं। रेलवे फाटक बंद रहने के कारण आए दिन लंबा जाम लग जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि कई बार आपातकालीन सेवाएं, एंबुलेंस एवं स्कूली वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जो जनहित और जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर विषय है। ऐसे में ओवरब्रिज का निर्माण नगर की एक अत्यावश्यक आवश्यकता बन चुका है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि ओवरब्रिज के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा और नगर के विकास को नई गति मिलेगी। यह सेतु बलरामपुर को एक आधुनिक, सुरक्षित एवं व्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने नगर पालिका अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण एवं कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से बलरामपुर नगर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस पहल को लेकर नगरवासियों में उत्साह और सकारात्मक उम्मीद देखी जा रही है कि शीघ्र ही झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण का सपना साकार होगा।
