राजाजीपुरम में 20 सितंबर से बहेगी संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा की रसधारा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित ई-ब्लॉक के गौरी शंकर पार्क में 20 से 27 सितंबर तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा एवं साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन के अंतर्गत कथा व्यास पूज्य आचार्य श्री मनोज कृष्ण जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराएंगे।
आयोजकों के अनुसार, कथा का शुभारंभ 20 सितंबर, रविवार को शाम 6 बजे होगा और रात 10 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले सुबह 9 बजे से राजाजीपुरम क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजन के दौरान श्री दधीचि जयंती और जलझूलनी एकादशी व्रत के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि कथा के चौथे दिन 1100 दीपकों से महाआरती का आयोजन होगा। इसी अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का भव्य जन्मोत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
भारतीय जन सेवा समिति के अध्यक्ष शीलू बाजपेयी ने बताया कि धार्मिक आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से आध्यात्मिक एवं धार्मिक ज्ञान से जोड़ना है।
आयोजन का समापन 27 सितंबर को सुबह 10 बजे पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।
आयोजक समिति ने राजाजीपुरम एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और धार्मिक ज्ञान यज्ञ में सहभागी बनने की अपील की है।
