नरेंद्र चौरसिया बने श्री रामजानकी परिवार सेवा समिति के अध्यक्ष

संस्थापक हिमांशु गर्ग ने सौंपी नई जिम्मेदारी, सेवा कार्यों को व्यापक बनाने का किया आह्वान
 
नरेंद्र चौरसिया बने श्री रामजानकी परिवार सेवा समिति के अध्यक्ष

लखनऊ। सामाजिक, धार्मिक और जनसेवा के कार्यों को और प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से श्री रामजानकी परिवार सेवा समिति ने नरेंद्र चौरसिया को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। समिति के संस्थापक हिमांशु गर्ग ने नवनियुक्त अध्यक्ष को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और समाजसेवा के कार्यों को नई गति देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संस्थापक हिमांशु गर्ग ने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ बेजुबान जीवों की सेवा, संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों और जरूरतमंद लोगों की मदद करना प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष नरेंद्र चौरसिया से अपेक्षा जताई कि वे जरूरतमंद इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जीवों की सेवा के लिए भी निरंतर प्रयास करेंगे और ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे। हिमांशु गर्ग ने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, मानवता और करुणा की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

धर्म, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता पर जोर

हिमांशु गर्ग ने कहा कि समिति सामाजिक सेवा के साथ-साथ लोगों को धर्म, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास करेगी। इसके लिए धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को सेवा, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प

नवनियुक्त अध्यक्ष नरेंद्र चौरसिया ने समिति के संस्थापक, पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह मिली जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता, बेजुबान जीवों की सेवा, समाजहित से जुड़े कार्यों और ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के संकल्प को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही समिति की गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और सेवा कार्यों का विस्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

सदस्यों ने दी शुभकामनाएं

समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विश्वास जताया कि नरेंद्र चौरसिया के नेतृत्व में श्री रामजानकी परिवार सेवा समिति सामाजिक, धार्मिक और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी। इस अवसर पर मौजूद सदस्यों ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Tags