एक राष्ट्र, एक चुनाव पर शिया पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सम्मेलन

National Conference on 'One Nation, One Election' at Shia PG College
 
gyuiy

संवैधानिक, विधिक और लोकतांत्रिक पहलुओं पर विशेषज्ञों ने रखे विचार, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए शोधपत्र

लखनऊ। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ केवल चुनाव कराने की प्रक्रिया में बदलाव का विषय नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र की कार्यक्षमता, संवैधानिक संतुलन और संघीय ढांचे से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। इस पर राजनीतिक दृष्टिकोण के साथ संवैधानिक प्रावधानों और लोकतांत्रिक मूल्यों के व्यापक संदर्भ में विचार करना आवश्यक है। यह बात शिया पीजी कॉलेज के विधि संकाय के निदेशक प्रो. एसएम हसनैन ने कही।

शिया पीजी कॉलेज के विधि संकाय की ओर से सोमवार को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन-एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विभिन्न स्थानों से आए प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों ने चुनाव व्यवस्था के संवैधानिक, विधिक, राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक पहलुओं पर अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए।

hguy89

निष्पक्ष अध्ययन के बाद बनाएं राय

सम्मेलन के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता, बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण लोकतंत्र में चुनाव व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए गंभीर विचार-विमर्श जरूरी है। विद्यार्थियों को किसी भी राष्ट्रीय मुद्दे पर अपनी राय बनाने से पहले उससे जुड़े सभी पक्षों, संवैधानिक प्रावधानों और संभावित परिणामों का निष्पक्ष अध्ययन करना चाहिए।

उन्होंने युवा विधि विद्यार्थियों से संविधान की गहरी समझ विकसित करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

प्रबंध समिति के प्रबंधक एस. अब्बास मुर्तजा शम्सी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। इस तरह के शैक्षणिक सम्मेलन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय महत्व के विषयों को समझने और विशेषज्ञों के अनुभवों से सीखने का अवसर प्रदान करते हैं।

66676

लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था पर चर्चा

कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना यासूब अब्बास ने की। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) एमएम अबू तय्यब ने स्वागत संबोधन दिया। सम्मेलन के दौरान ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की अवधारणा के समर्थन और विरोध में विभिन्न पक्षों को प्रस्तुत करते हुए शोधपत्रों के माध्यम से विषय के अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा की गई।

सम्मेलन में विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अकादमिक विमर्श तथ्यों, संवैधानिक समझ और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर होना चाहिए। विद्यार्थियों की शोधपरक प्रस्तुतियों ने सम्मेलन को शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाया।

Tags