राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
लखनऊ। लखनऊ स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में अखिल भारतीय सर्व जनहित पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार के साथ आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती रागिनी अवस्थी के अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का निर्णय
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ता प्रशिक्षण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, जनसंपर्क और चुनावी गतिविधियों से जुड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जाएगा।
हर जिले में बनेगी चुनावी रणनीति समिति
बैठक में प्रत्येक जिले में चुनावी रणनीति समिति गठित करने पर भी सहमति बनी। समितियां विधानसभा क्षेत्रवार चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगी और संगठन की गतिविधियों को गति देने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करेंगी।
महिलाओं, युवाओं और पिछड़े वर्ग पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में महिलाओं, युवाओं और पिछड़े वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का फैसला किया गया। इन वर्गों तक पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के साथ रथ यात्रा निकालने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
महिला मोर्चा की भूमिका को लेकर रागिनी अवस्थी ने कही यह बात
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती रागिनी अवस्थी ने कहा कि पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की नीति पर काम करती है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जनता तक पहुंचाएंगे।
बैठक में पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से मैदान में उतारने की रणनीति पर भी चर्चा की।
