जापान निर्मित हाईटेक बैडमिंटन व्हीलचेयर पाकर राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रहलाद के चेहरे पर लौटी मुस्कान
इस व्हीलचेयर को जापान से मंगाने में फतेहपुर के एसडीएम श्री कार्तिकेय सिंह, जिलाधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट श्री शशि भूषण सिंह तथा पूर्व जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके प्रयासों से खिलाड़ी प्रहलाद को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध हो सका।
बताया गया कि आधुनिक एवं हाईटेक बैडमिंटन व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रहलाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और साधारण व्हीलचेयर के सहारे लगातार अभ्यास करते रहे।
अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर प्रहलाद ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर फतेहपुर जिले का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि और संघर्ष को देखते हुए उन्हें जिले के आइकॉन के रूप में भी मनोनीत किया गया।
तराई क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाके से आने वाले प्रहलाद का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। आर्थिक एवं संसाधनों की चुनौतियों के बावजूद उन्होंने खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को कमजोर नहीं पड़ने दिया। साधारण व्हीलचेयर से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले प्रहलाद के लिए जापान निर्मित अत्याधुनिक व्हीलचेयर मिलना उनके खेल जीवन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि अत्याधुनिक खेल उपकरण मिलने के बाद प्रहलाद अपने प्रदर्शन को और बेहतर कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
