नई उम्मीद सेवा संस्थान पीड़ित, शोषित और उपेक्षित लोगों को न्याय दिलाने के लिए करेगा संघर्ष
खनऊ डेस्क, आर. एल. पाण्डेय। पीड़ित, शोषित, उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने तथा उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से नई उम्मीद सेवा संस्थान ने अपनी गतिविधियों को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में संस्थान की कार्यकारिणी की प्रथम बैठक 23 सितंबर 2025 को प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के कार्यालय में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता संस्थान की अध्यक्ष सुषमा देवी ने की। इस दौरान संस्थान की कार्यप्रणाली और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ऐसे पदाधिकारियों के चयन पर विचार-विमर्श किया गया, जो संस्थान के उद्देश्यों के अनुरूप समाज के जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास कर सकें।
अध्यक्ष सुषमा देवी ने कहा कि नई उम्मीद सेवा संस्थान गरीब, मजदूर, पीड़ित, शोषित और उपेक्षित लोगों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को सामने लाना और उन्हें न्याय एवं अधिकार दिलाने की दिशा में संघर्ष करना है।
बैठक के दौरान मुकेश गुप्ता, सुबोध श्रीवास्तव, मुरारी लाल कुशवाहा, बी.आर. सिंह, मोहम्मद फारूक, ओमप्रकाश शर्मा, अरविंद कुमार उपाध्याय, रमेश चंद्र सिसोदिया ‘गुरुजी’ तथा गिरीश चंद्र कुशवाहा को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संस्थान के उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए नई उम्मीद सेवा संस्थान की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में संस्थान को मजबूत बनाने और समाज के जरूरतमंद लोगों तक उसकी सेवाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक न्याय और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इसी भावना के साथ नई उम्मीद सेवा संस्थान आने वाले समय में पीड़ित और वंचित लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेगा।
