नवरात्रि पर ‘द अवियान’ में सजा सात्विक स्वाद का उत्सव, स्पेशल थाली बनी आकर्षण का केंद्र
लखनऊ। नवरात्रि के पावन अवसर पर द अवियान में आयोजित “सात्विक उत्सव एवं स्पेशल थाली” कार्यक्रम ने शहरवासियों को आध्यात्मिकता और स्वाद का अनूठा अनुभव प्रदान किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर पारंपरिक सात्विक व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत की गई विशेष सात्विक थाली आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसमें कुल 9 प्रकार के व्यंजन शामिल थे। इनमें अंगूरी रसमलाई, साबूदाना की टिक्की, कुट्टू की पूरी, जीरा आलू, साबूदाना खिचड़ी, दूध की बर्फी, स्वीट लस्सी, कट फ्रूट्स और पनीर व्यंजन जैसे स्वादिष्ट एवं व्रत-अनुकूल विकल्प परोसे गए। खासतौर पर अंगूरी रसमलाई और साबूदाना टिक्की को मेहमानों ने खूब सराहा।
होटल के जनरल मैनेजर आकाश सिंह राठौर ने बताया कि यह आयोजन केवल भोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक अनुभव के रूप में सामने आया, जिसने लोगों को नवरात्रि की भावना से जोड़ने का काम किया।
असिस्टेंट फूड एंड बेवरेज मैनेजर सुनीत कुमार सिंह के अनुसार, थाली को शुद्धता और सावधानी के साथ तैयार किया गया, जिसे मेहमानों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। वहीं, एफ एंड बी मैनेजर (इवेंट्स एवं क्लब ऑपरेशंस) प्रसून सिंह ने बताया कि यह थाली बायोटिक और सात्विक कॉन्सेप्ट पर आधारित है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक स्वाद के साथ प्रीमियम अनुभव देना है।
सू-शेफ शेफ विजय ने जानकारी दी कि इस अवसर पर विशेष रूप से तैयार सात्विक व्यंजनों में पोषण और स्वाद का संतुलन रखा गया है, ताकि व्रत के नियमों के अनुरूप शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक भोजन परोसा जा सके।
इस आयोजन को Ministry of Cuisine द्वारा क्यूरेट किया गया, जहां मेहमानों को शांत वातावरण, उत्कृष्ट आतिथ्य और नवरात्रि की दिव्यता का अनुभव कराया गया।
यह आयोजन आस्था, परंपरा और आधुनिक प्रस्तुति का बेहतरीन संगम बनकर उभरा, जिसे उपस्थित लोगों ने बेहद सराहा और इसे एक यादगार अनुभव बताया।
