लखनऊ में एनसीसी कैडेट्स ने लिया ‘टीबी मुक्त भारत’ का संकल्प, मेगा जागरूकता सेमिनार आयोजित
युवा शक्ति बन सकती है बदलाव की वाहक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ एनसीसी ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव (वीएसएम) ने कैडेट्स को सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की अपार क्षमता है और एनसीसी कैडेट्स इस दिशा में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कैडेट्स को जागरूकता अभियान की ताकत समझाते हुए कहा कि यदि प्रत्येक कैडेट अपने आसपास के पांच लोगों या परिवारों को टीबी के प्रति जागरूक करे, तो 200 कैडेट्स के माध्यम से करीब 1,000 परिवारों तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सकती है। इस प्रकार जागरूकता की श्रृंखला को आगे बढ़ाकर टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान दिया जा सकता है।
टीबी के लक्षण, जांच और उपचार की दी जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंघल ने अपनी मेडिकल टीम के साथ कैडेट्स को टीबी के लक्षण, संक्रमण से बचाव, समय पर जांच और उपचार की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी के लिए डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने टीबी से संबंधित सरकारी डिजिटल संसाधनों और आधिकारिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित किया, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों और उनके परिवारों को सही मार्गदर्शन मिल सके।

चिकित्सकीय जानकारी वाले सत्र के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी टीबी उन्मूलन संबंधी शपथ दिलाई गई। इस दौरान करीब 200 एनसीसी कैडेट्स ने समाज में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और इसके उन्मूलन में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।

अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान 63 यूपी बटालियन एनसीसी, लखनऊ के कमांडिंग ऑफिसर एवं नोडल अधिकारी कर्नल अनिल कुमार शर्मा ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अतुल कुमार सिंघल को उनके मार्गदर्शन और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुई। विशिष्ट अतिथि एवं मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जीनू अब्राहम ने मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम का आयोजन कर्नल अनिल कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशन में किया गया। वहीं, मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर मेजर राजन सिंह परिहार और सूबेदार मेजर अरविंद कुमार के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में सेमिनार का सफल संचालन हुआ।

सेमिनार के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स को टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं को स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।


