मुख्य विकास अधिकारी सभागार में एनसीडी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित
NCD screening camp organized in Chief Development Officer auditorium
Sat, 29 Nov 2025
बलरामपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर 29 नवंबर 2025 को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सभागार में एनसीडी (Non Communicable Diseases) स्क्रीनिंग कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी स्टाफ ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच कराई।

स्क्रीनिंग कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शुगर टेस्ट (डायबिटीज), ब्लड प्रेशर जांच (हाइपरटेंशन), स्ट्रेस काउंसलिंग और दंत परीक्षण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की गईं।विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित एनसीडी स्क्रीनिंग से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और कैंसर जैसे गंभीर रोगों का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है, जिससे समय पर उपचार और रोकथाम संभव हो पाती है।

सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं, इसलिए उनका स्वस्थ रहना अनिवार्य है। उन्होंने सभी से नियमित हेल्थ चेकअप कराने, संतुलित भोजन अपनाने और तनाव को नियंत्रित रखने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
