एनसीईआरटी ने कक्षा 11-12 के छात्रों के लिए शुरू किए 28 विशेष ऑनलाइन कोर्स, 1 मई से होंगे शुरू

NCERT has started 28 special online courses for class 11-12 students, will start from May 1.
 
[[

लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कक्षा 11 और 12 के छात्रों के लिए विशेष ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा, माध्यमिक उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने मंडल के सभी माध्यमिक विद्यालयों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय, लखनऊ मंडल के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि शिक्षा मंत्रालय द्वारा “स्टडी वेब्स ऑफ एक्टिव लर्निंग फॉर यंग एस्पायरिंग माइंड्स” (SWAYAM) नामक ऑनलाइन मंच शुरू किया गया है। इसके माध्यम से एनसीईआरटी कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों में ऑनलाइन पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है।

इन विषयों में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, मनोविज्ञान, लेखाशास्त्र, अर्थशास्त्र, भूगोल, व्यवसाय अध्ययन, अंग्रेजी और समाजशास्त्र शामिल हैं। विद्यार्थियों के लिए कुल 28 ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं।

डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों का शुभारंभ 1 मई 2026 से होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा पंजीकरण 7 से 9 सितंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम परीक्षाएं 10 से 15 सितंबर 2026 के बीच आयोजित होंगी। पाठ्यक्रम की समाप्ति तिथि 15 सितंबर 2026 तय की गई है।

उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक और अभिभावक भी इन पाठ्यक्रमों में भाग ले सकते हैं, ताकि वे विषय-वस्तु को समझने के बेहतर तरीकों से परिचित हो सकें।

विद्यार्थियों की सहायता के लिए IVRS नंबर #8800440559 जारी किया गया है। साथ ही SWAYAM ऐप गूगल प्ले स्टोर और iOS प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड कर छात्र, शिक्षक और अभिभावक विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा पाठ्यक्रमों से जुड़ सकते हैं।

संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली, उन्नाव और लखीमपुर खीरी के जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का लाभ दिलाएं।

Tags