नीट परीक्षा-2026 निरस्त होने पर एस.के.डी. ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक मनीष सिंह का संदेश
SKD Group of Education के निदेशक मनीष सिंह ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि इस परिस्थिति का सकारात्मक पक्ष भी देखना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बार परीक्षा पहले से अधिक ईमानदारी, पारदर्शिता और सख्ती के साथ आयोजित की जाएगी। संभावना है कि जून या जुलाई में दोबारा परीक्षा की तिथि घोषित की जाए। विद्यार्थियों को नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे और इसके लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा का स्तर, विशेष रूप से भौतिक विज्ञान खंड में, थोड़ा कठिन हो सकता है। इससे मेरिट सूची में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं, लेकिन इसका सबसे बड़ा लाभ मेहनती और योग्य विद्यार्थियों को मिलेगा। जो छात्र पूरी ईमानदारी और लगन से तैयारी कर रहे हैं, उनके चयन और बेहतर रैंक प्राप्त करने की संभावना और अधिक मजबूत होगी।
मनीष सिंह ने कहा कि गलत तरीकों से सफलता प्राप्त करने की कोशिश करने वाले लोग इस प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे। इसलिए यह समय निराश होने का नहीं, बल्कि अधिक जोश, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी जारी रखने का है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा, “सकारात्मक रहें, प्रेरित रहें और अपने लक्ष्य पर पूरी शक्ति के साथ लगे रहें। आपकी मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाएगी।” उन्होंने बताया कि SKD New Standard Coaching Institute की ओर से विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। यदि किसी छात्र को परामर्श, मार्गदर्शन, प्रेरणा, समस्या समाधान या किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो संस्थान द्वारा वह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अंत में कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें ऐसे चिकित्सक बनने के लिए तैयार किया जा रहा है जो समाज की सेवा करेंगे। संस्थान को विश्वास है कि विद्यार्थियों की मेहनत उन्हें सफलता तक अवश्य पहुंचाएगी।
