डिवाइन पब्लिक स्कूल में नेहरू जयंती पर सजा रंगारंग बाल मेला
Divine Public School organised a colourful children's fair on the occasion of Nehru Jayanti.
Sun, 16 Nov 2025
बलरामपुर। नगर के प्रतिष्ठित अंग्रेज़ी माध्यम डिवाइन पब्लिक स्कूल में 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं श्रावस्ती जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दद्दन मिश्र ने मां सरस्वती और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर मेले का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि ने बच्चों द्वारा लगाए गए विविध स्टालों का निरीक्षण किया। छोटे-छोटे छात्रों द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजन, क्राफ्ट आइटम और गतिविधियों ने सबका ध्यान आकर्षित किया। श्री मिश्र ने बच्चों की रचनात्मकता की प्रशंसा की और उनके उत्साहवर्धन की।
मेले को मनोरंजक बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन ने लकी ड्रॉ कूपन का भी आयोजन किया। मात्र ₹50 में सहभागिता वाले इस कूपन का ड्रॉ शाम 6 बजे वरिष्ठ पत्रकार श्री अखिलेश्वर तिवारी द्वारा किया गया। लकी ड्रॉ में कक्षा 1 के छात्र आदित्य वर्मा विजेता बने, जिन्हें पुरस्कारस्वरूप आकर्षक साइकिल प्रदान की गई।
कार्यक्रम में आए अभिभावकों के लिए लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का विशेष आयोजन रहा। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी विभिन्न खेलों और स्वादिष्ट व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री दद्दन मिश्र ने कहा—डिवाइन पब्लिक स्कूल का उद्घाटन मेरे द्वारा किया गया था, और आज इसे एक समृद्ध शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित होते देख मुझे अत्यंत खुशी हो रही है। इसका श्रेय प्रबंधक श्री आशीष उपाध्याय और उनकी टीम के समर्पण को जाता है।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में विद्यालय के प्रबंधक श्री आशीष उपाध्याय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
