नेत्रपाल सिंह अठवाल ने हरिद्वार ग्रामीण के गांवों का किया दौरा, कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत को मजबूत करने की अपील
फेरूपुर, धनपुरा, झाबरी, शाहपुर शीतला खेड़ा और बादशाहपुर सहित कई गांवों में जनसंपर्क के दौरान अठवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अनुसूचित जाति के लोगों के साथ कथित तौर पर अन्याय और शोषण बढ़ा है।
उन्होंने 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद रामलीला मंच के कथित शुद्धिकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं दलित समाज के प्रति भेदभावपूर्ण मानसिकता को दर्शाती हैं।
जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने अनुसूचित जाति के भूमिहीन लोगों को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान मिले भूमि पट्टों के कथित निरस्तीकरण का मुद्दा भी उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि इसको लेकर उनमें काफी रोष है। अठवाल ने कहा कि पट्टों की बहाली की मांग को लेकर उनके नेतृत्व में तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के संरक्षण में रुड़की और भगवानपुर तहसीलों में प्रदर्शन किए गए तथा मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भी भेजे गए, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
नेत्रपाल सिंह अठवाल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर भूमिहीन लोगों के पट्टों के निरस्तीकरण संबंधी आदेशों को समाप्त करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी और पात्र लोगों को उनके पट्टों पर मालिकाना हक दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के सभी वर्गों के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में एकजुट होकर समर्थन देने की अपील की।
