रानी लक्ष्मीबाई मार्ग उद्योग व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, व्यापारियों के हितों की रक्षा का लिया संकल्प

The new executive of Rani Lakshmibai Marg Udyog Vyapar Mandal took oath, pledged to protect the interests of traders.
 
opio

लखनऊ, 26 जुलाई। राजाजीपुरम परिक्षेत्र उद्योग व्यापार मंडल की इकाई रानी लक्ष्मीबाई मार्ग उद्योग व्यापार मंडल (सम्बद्ध लखनऊ व्यापार मंडल) की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी रहे, जबकि अध्यक्षता उमेश कुमार शर्मा ने की। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान के साथ हुई।

लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय एवं संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

नई कार्यकारिणी में सोनू घई को अध्यक्ष, जीत सिंह को महामंत्री और अंकुर मेहता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में हिमांशु तिवारी, सर्वेश शर्मा, रशीद अहमद, एम.के. अग्रवाल, बीनू गुप्ता और संजीव शर्मा ने शपथ ली। उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद शरीफ इब्राहिम, अंकित, मदन कुमार, जुबेर अंसारी तथा रजा ईमाम/वीरेन्द्र कुमार नियुक्त किए गए। मंत्री पद की जिम्मेदारी जगदीश कुमार, गोदी गुप्ता एवं सुनील कुमार शर्मा को दी गई, जबकि श्याम सुन्दर को विधि सलाहकार बनाया गया।

मुख्य अतिथि आनंद द्विवेदी ने कहा कि व्यापारियों का संगठित रहना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त व्यापार मंडल ही व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन और प्रशासन के समक्ष रखकर उनका समाधान सुनिश्चित करा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के हितों और उनके विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे उमेश कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और सक्रिय कार्यशैली होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

राजाजीपुरम परिक्षेत्र उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री सुशील तिवारी ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन की मजबूती बेहद आवश्यक है। उन्होंने नई टीम से अपेक्षा जताई कि वह पारदर्शिता, सेवा और समर्पण की भावना के साथ प्रत्येक व्यापारी की आवाज़ बनकर कार्य करेगी।

कार्यक्रम में लखनऊ व्यापार मंडल के चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल, अनुराग मिश्रा, वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह सहित सोनू पंडित, विशाल कोहली, अनूप द्विवेदी, दीपक सहगल, जसवीर सिंह, लल्लन यादव, राजकुमार विश्वकर्मा, निर्देश यादव, दीपू यादव, सचिन रस्तोगी, सौरभ शर्मा, गुलशन सचदेवा, सुधांशु श्रीवास्तव, राजकुमार बत्रा एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Tags