एमएलके पीजी कॉलेज के नौ एनसीसी कैडेटों ने होमगार्ड परीक्षा में हासिल की सफलता
बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर से एनसीसी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे और प्रशिक्षण पूरा कर चुके नौ कैडेटों ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित होमगार्ड परीक्षा के अंतिम परिणाम में सफलता हासिल की है। कैडेटों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। प्राचार्य, एनसीसी अधिकारियों और साथी कैडेटों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी।
एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने बताया कि सफल कैडेटों में गणेश यादव ने वर्ष 2025 में सी प्रमाणपत्र, देशराज यादव ने वर्ष 2024 में सी प्रमाणपत्र तथा अमित तिवारी, बबलू चौधरी और आशीष पाठक ने वर्ष 2024 में बी प्रमाणपत्र प्राप्त किया था। वहीं अवधेश वर्मा ने वर्ष 2025 में सी प्रमाणपत्र हासिल किया।

इसके अलावा वर्तमान में एनसीसी का प्रशिक्षण ले रहे सत्य प्रकाश तिवारी और दीप्ति पाण्डेय ने वर्ष 2026 में सी प्रमाणपत्र के लिए प्रशिक्षण लिया है। आनंद सिंह और वीरेंद्र कुमार ने वर्ष 2025 में सी प्रमाणपत्र प्राप्त किया था। लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और टीम भावना जैसे गुण विकसित किए जाते हैं। ये गुण न केवल सैन्य एवं सुरक्षा सेवाओं बल्कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य क्षेत्रों में भी सफलता हासिल करने में सहायक होते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने सफल कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी एनसीसी से जुड़कर अपने व्यक्तित्व विकास के साथ बेहतर करियर अवसर हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के कैडेट लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। होमगार्ड परीक्षा में नौ कैडेटों की सफलता उनके परिश्रम और एनसीसी प्रशिक्षण के प्रति समर्पण का परिणाम है।

सफल कैडेटों को बधाई देने वालों में महाविद्यालय की मुख्य नियन्ता प्रो. वीणा सिंह, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा विश्वकर्मा, प्राणि विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार, शिक्षाशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. दिनेश मौर्य, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. रमेश शुक्ल, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. ए.के. दीक्षित सहित बटालियन के पीआई स्टाफ शामिल रहे।
