एशियन गेम्स के 85 में से 29 पदकों में रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े खिलाड़ियों का योगदान, नीता अंबानी ने दी बधाई
भारत 85 पदकों के साथ एशियन गेम्स की मेडल टेबल में चौथे स्थान पर रहा। भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए नीता अंबानी ने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की। नीता अंबानी ने कहा कि टीम इंडिया ने देश को गर्व करने के कई अवसर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने युवा लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। उनके अनुसार, रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े खिलाड़ियों की सफलता युवा खेल प्रतिभाओं में निवेश और उन्हें अवसर देने के प्रयासों को और मजबूत करती है।
एशियन गेम्स से पहले खिलाड़ियों का बढ़ाया था हौसला
एशियन गेम्स शुरू होने से पहले भी नीता अंबानी ने भारतीय दल के लिए संदेश जारी किया था। उस समय उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े 48 खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए उनकी वर्षों की मेहनत के साथ उनके परिवारों के योगदान और त्याग को भी याद किया था।
फाउंडेशन के अनुसार, वह ओलंपिक में शामिल होने वाले 10 से अधिक खेलों में 200 से ज्यादा खिलाड़ियों को सहयोग प्रदान करता है। खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप के अलावा स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन, कोचिंग, तकनीक, खेल उपकरण और अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
लॉस एंजेलिस ओलंपिक की तैयारी पर भी नजर
नीता अंबानी ने एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश के लिए मैदान पर उतरने वाले प्रत्येक खिलाड़ी का योगदान महत्वपूर्ण है।एशियन गेम्स में प्रदर्शन के आधार पर कई भारतीय खिलाड़ियों ने लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की है। ऐसे में एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन आगामी ओलंपिक की तैयारियों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।रिलायंस फाउंडेशन के अनुसार, खिलाड़ियों को लंबे समय तक प्रशिक्षण, विशेषज्ञ सहयोग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का उद्देश्य भारत में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है।
