नितिन नबीन की नियुक्ति अब काम बोलेगा, नाम नहीं: पंडित डोगरा

संगठन में आएगा सख्त अनुशासन, गुटबाज़ी पर होगा सीधा प्रहार
 
नितिन नबीन की नियुक्ति अब काम बोलेगा, नाम नहीं: पंडित डोगरा

सत्य देव शर्मा सहोड़ शिमला, 14 दिसंबर 2025।  भारतीय राजनीति में 14 दिसंबर 2025 का दिन एक अहम मोड़ के रूप में दर्ज हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नबीन को पार्टी का 15वां राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। इस निर्णय को केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि मोदी युग की राजनीति के अगले चरण की स्पष्ट घोषणा के रूप में देखा जा रहा है।प्रसिद्ध अंक ज्योतिषाचार्य एवं वशिष्ठ ज्योतिष सदन के अध्यक्ष पंडित शशिपाल डोगरा ने इस नियुक्ति की विस्तृत अंक-गणना के आधार पर विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए इसे भाजपा के लिए दूरगामी परिणाम देने वाला निर्णय बताया है।

rtre

तारीख और व्यक्तित्व—दोनों दे रहे हैं मजबूत संकेत

पंडित डोगरा के अनुसार, 14 दिसंबर की तिथि का योग (1+4 = 5) बुध ग्रह का संकेत देता है, जो रणनीति, संवाद, युवा नेतृत्व और तेज़ निर्णयों का प्रतीक है।नितिन नबीन की जन्मतिथि 23 मई 1980 है, जिसका मूलांक भी (2+3 = 5) आता है। यह संयोग बताता है कि संगठनात्मक गतिशीलता, मीडिया मैनेजमेंट और रणनीतिक संवाद में उनकी भूमिका निर्णायक होगी।अंक शास्त्र के अनुसार, मूलांक 5 वाले नेता आदेश थोपने की बजाय रणनीति से स्थितियाँ पलटने में माहिर होते हैं और अचानक फैसलों से विरोधियों को चौंकाने की क्षमता रखते हैं।

नामांक 7 और शनि का कठोर संदेश

पंडित डोगरा ने बताया कि नितिन नबीन के नाम से बनने वाला नामांक 7 (केतु) संगठन में पर्दे के पीछे बड़े बदलाव, अचानक निर्णय और कुछ चेहरों के अप्रत्याशित उदय व पतन का संकेत देता है।वहीं, पूरी तिथि 14.12.2025 का योग (1+4+1+2+2+0+2+5 = 17, यानी 8) शनि का अंक बनता है, जो कठोर अनुशासन, जवाबदेही और परिणाम आधारित कार्यशैली का स्पष्ट संकेत है। उनके अनुसार, “शनि सत्ता देता है, लेकिन उसकी कीमत भी पूरी तरह वसूलता है।”

मोदी नेतृत्व और अंकों का संगम

पंडित डोगरा के मुताबिक, भाजपा का मूल अंक 1 (सूर्य) माना जाता है, जो शीर्ष नेतृत्व और स्पष्ट दिशा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलांक भी 8 बताया जाता है। ऐसे में कार्यकारी अध्यक्ष का मूलांक 5 होना, संगठन और नेतृत्व के बीच संतुलन और गति का संकेत देता है।

यह नियुक्ति प्रधानमंत्री मोदी के उस सिद्धांत को दर्शाती है—
“संगठन पहले, व्यक्ति बाद में।”
यानी अब काम बोलेगा, नाम नहीं।

हिमाचल भाजपा पर दिखेगा सीधा असर

पंडित शशिपाल डोगरा के अनुसार, इस नियुक्ति का प्रभाव हिमाचल प्रदेश भाजपा पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।

  • संगठन में कड़ा अनुशासन लागू होगा

  • गुटबाज़ी पर सीधा प्रहार होगा

  • निष्क्रिय नेताओं की छुट्टी संभव

  • पद और टिकट अब प्रदर्शन के आधार पर मिलेंगे, न कि केवल निष्ठा पर

  • युवा, आक्रामक और ज़मीनी नेताओं को आगे बढ़ाया जाएगा

2027 के संकेत—चौंकाने वाले फैसले संभव

डोगरा के अनुसार, 2027 का अंक योग (2+0+2+7 = 11, यानी 2) चंद्रमा का संकेत देता है, जो भावनात्मक उथल-पुथल और अप्रत्याशित राजनीतिक निर्णयों की ओर इशारा करता है। ऐसे में संभव है कि नाम किसी का हो और टिकट या बड़ा पद किसी और को मिले, जिससे बड़े नेता भी अचंभित रह जाएँ।

भाजपा अब परिणाम-आधारित राजनीति की राह पर

कुल मिलाकर, पंडित डोगरा की अंक-गणना यह संकेत देती है कि मूलांक 5 की चाल, नामांक 7 की रणनीति, अंक 8 का अनुशासन और प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व—इन सभी के संगम से भाजपा अब सख्त, तेज़ और परिणाम-आधारित राजनीति के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रही है। अब राजनीति में वही टिकेगा, जो दिमाग, दम और ज़मीन—तीनों पर खरा उतरेगा।

Tags