नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट: निर्माण कार्यों में तेजी और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करें — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
लखनऊ नवंबर 2025 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जेवर (गौतमबुद्ध नगर) में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टर्मिनल भवन, उद्घाटन समारोह स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विभिन्न निर्माण गतिविधियों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू तथा संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट परियोजना की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने एयरपोर्ट के एयरोड्रम लाइसेंस की शीघ्र प्राप्ति हेतु ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी और CISF अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी सुरक्षा मानकों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी क्लीयरेंस की प्रक्रिया भी तेजी से पूर्ण की जाए।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की एक महत्वाकांक्षी और रणनीतिक परियोजना है, इसलिए निर्माण से जुड़े शेष कार्यों को तेजी और सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विभागीय समन्वय, समयबद्धता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने की बात कही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो जानी चाहिए, ताकि प्रोजेक्ट के पहले चरण का संचालन सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
एयरपोर्ट की क्षमता और विस्तार योजना
-
उद्घाटन के समय एयरपोर्ट एक रनवे के साथ क्रियाशील होगा।
-
इसकी शुरुआती वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी।
-
पूर्ण विकसित होने पर एयरपोर्ट में कुल 5 रनवे होंगे।
-
परियोजना का विस्तार 11,750 एकड़ क्षेत्र में होगा।
-
दीर्घकाल में यह एयरपोर्ट हर वर्ष 30 करोड़ यात्रियों को सेवा देने में सक्षम होगा।
-
यह इसे दुनिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स की सूची में प्रमुख स्थान दिलाएगा।
