नवंबर यातायात माह: पुलिस का जागरूकता अभियान — ‘जान है, जहान है’ थीम के साथ बच्चों को दिए सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश

November Traffic Month: Police awareness campaign – with the theme ‘Jaan Hai, Jahan Hai’, gives important road safety messages to children
 
November Traffic Month: Police awareness campaign – with the theme ‘Jaan Hai, Jahan Hai’, gives important road safety messages to children
हरदोई/लखनऊ डेस्क (प्रत्यूष पाण्डेय)।
शासन के निर्देशानुसार पुलिस विभाग द्वारा 1 से 30 नवंबर तक पूरे माह को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के मार्गदर्शन में जिलेभर में गली-मोहल्लों, स्कूल-कॉलेजों, बस अड्डों और मुख्य चौराहों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

मंगलवार को इसी अभियान के तहत कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव और प्रभारी निरीक्षक यातायात प्रमोद कुमार यादव स्थानीय विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने ‘जान है, जहान है’ थीम के माध्यम से बच्चों को सड़क सुरक्षा से जुड़े बुनियादी और आवश्यक नियम समझाए। हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, सड़क पार करने के सही तरीके, तेज गति के दुष्परिणाम और वाहन चलाते समय मोबाइल से दूरी रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप निरीक्षक डॉली शर्मा ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन केवल अपनी सुरक्षा ही नहीं बल्कि परिवार और समाज की सुरक्षा से भी जुड़ा है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे जिम्मेदार नागरिक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल रमेश यादव और कांस्टेबल अमित वर्मा भी मौजूद रहे।
विद्यालय के प्रबंधक मुकेश सिंह ने पुलिस विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर ही ट्रैफिक नियमों की शिक्षा मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और घर-परिवार में भी सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएँ।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य लक्ष्मी देवी सहित सभी शिक्षिकाएँ और शिक्षक — आरती वर्मा, प्रज्ञा त्रिवेदी, कोमल यादव, विनीता त्रिवेदी, सोनी तिवारी, मीनाक्षी सिंह, सोनम शुक्ला, रवि मिश्रा, पूजा सिंह चौहान, पूजा मिश्रा, पूनम सिंह, पूजा चंदेल, शिवानी यादव, शिवांगी गुप्ता, दीपमाला, आकांक्षा गुप्ता, नैंसी गुप्ता, राम प्रकाश पांडे, अशोक कुमार गुप्ता, आयुष यादव, अभिनव सिंह, भूपेश सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और नवंबर यातायात माह को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Tags