यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर आई आपत्तियों का होगा निस्तारण, छह जिलों में जनपदीय समितियां करेंगी परीक्षण

लखनऊ मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को बैठक की तिथि और समिति की जानकारी परिषद कार्यालय को भेजने के निर्देश

 
https://upmsp.edu.in/

लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की आगामी परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के संबंध में ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आपत्तियों और प्रत्यावेदनों का निस्तारण अब जनपदीय केंद्र निर्धारण समितियों द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में अपर सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज कार्यालय की ओर से लखनऊ मंडल के सभी छह जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

इन जिलों में लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और लखीमपुर शामिल हैं। परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित समयावधि के भीतर प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को लेकर प्राप्त ऑनलाइन आपत्तियों और प्रत्यावेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा।

संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय के मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण शासनादेश के प्रस्तर-10 में दिए गए प्रावधानों के अनुसार किया जाना है। इसके तहत जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के संबंध में प्राप्त आपत्तियों और प्रत्यावेदनों की जांच करेगी।

उन्होंने बताया कि आपत्तियों के निस्तारण से पहले संबंधित परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों का समुचित परीक्षण करने के बाद निस्तारण आख्या तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट को संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल upmsp.edu.in पर अपलोड किया जाना है।

जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी

संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनपदों में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति की जानकारी परिषद कार्यालय को तत्काल उपलब्ध कराएं।

इसके साथ ही समिति की बैठक के लिए निर्धारित तिथि की सूचना भी माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के सचिव कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण और निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय से पूरा कराया जा सके।

Tags