बाल दिवस पर डीएम ने आदर्श कंपोजिट विद्यालय में बच्चों संग मनाया उत्सव
बलरामपुर। बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू के साथ आदर्श कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के बीच गिफ्ट और चॉकलेट वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, खेलकूद और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को ईमानदारी, अनुशासन और निरंतर मेहनत को जीवन में सफलता का आधार बताते हुए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालय की स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, शैक्षिक संसाधन, एवं साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक को शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने और बेहतर सीखने का वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि शिक्षकगण और विद्यालय स्टाफ ने बाल दिवस को विशेष बनाने में सहयोग दिया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बलरामपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
