संविधान दिवस पर डॉ. अंबेडकर समाज एकता मंच ने किया भव्य समारोह का आयोजन, संविधान के मूल्यों को अपनाने का आह्वान

On Constitution Day, Dr. Ambedkar Samaj Ekta Manch organized a grand event, calling for the adoption of the values ​​enshrined in the Constitution.
 
asfdews

लखनऊ, 26 नवंबर। डॉ. अंबेडकर समाज एकता मंच के तत्वावधान में गुरुवार को मार्टिन पुरवा स्थित बुद्ध मंदिर में संविधान दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र कुमार ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र कुमार ने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा और उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने इसे अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत एक गणराज्य बना।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान किसी एक जाति, धर्म, वर्ग या समुदाय का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का साझा अधिकार है। संविधान सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता तथा शिक्षा एवं संस्कृति से जुड़े मौलिक अधिकार प्रदान करता है। साथ ही यह शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने की शक्ति भी देता है।

चौधरी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का संदेश देता है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सपना एक ऐसे भारत का निर्माण करना था, जहां किसी भी व्यक्ति को जाति, धर्म, लिंग या आर्थिक स्थिति के आधार पर छोटा-बड़ा न समझा जाए। उन्होंने सभी से संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री सूरज कुमार गौतम ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया और सभी से अपने संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का वाचन किया और संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। समारोह में सोनू कुमार, सुमित रावत, तकी अहमद लाडले, मुन्नी देवी, गरिमा, ज्ञानवती, संजीता, अर्पिता और राज गौतम सहित संगठन के पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक तथा समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Tags