देवउत्थान एकादशी पर योग निद्रा से जागेंगे भगवान, इस्कॉन लखनऊ में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन

 
s

लखनऊ, 19 नवंबर 2026। चातुर्मास की समाप्ति और भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के पावन अवसर पर इस्कॉन लखनऊ में देवउत्थान (प्रबोधिनी) एकादशी का पर्व 21 नवंबर, शनिवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में दिनभर विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान, हरिनाम संकीर्तन, श्रीमद्भागवत कथा, दीपदान और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।

इस्कॉन लखनऊ के मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने बताया कि वैष्णव परंपरा के अनुसार 21 नवंबर 2026 को देवउत्थान एकादशी मनाई जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से एकादशी व्रत रखने और अन्न ग्रहण न करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि एकादशी व्रत के साथ अगले दिन निर्धारित समय पर पारण करना भी महत्वपूर्ण है। पारण का समय प्रातः 6:31 बजे से 10:05 बजे तक निर्धारित किया गया है।

आत्मिक जागृति और भक्ति का पर्व है प्रबोधिनी एकादशी

अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने प्रबोधिनी एकादशी की महिमा बताते हुए कहा कि यह पर्व आत्मिक जागृति और भक्ति में नई ऊर्जा के संचार का संदेश देता है। मान्यता है कि भगवान विष्णु चार माह की योग निद्रा के बाद इस दिन जागते हैं और इसके साथ ही मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान के जागने से सृष्टि में शुभता और मंगल कार्यों का आरंभ होता है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को भी अज्ञान और मोह की निद्रा त्यागकर भगवान के पवित्र नामों के संकीर्तन तथा भक्ति मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

इस्कॉन मंदिर में होंगे विशेष धार्मिक कार्यक्रम

इस्कॉन लखनऊ, सुशांत गोल्फ सिटी में देवउत्थान एकादशी के अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  • प्रातःकालीन आरती एवं दर्शन: मंगला आरती, नृसिंह आरती, तुलसी आरती और श्री श्री राधा रमण बिहारी जी का दिव्य श्रृंगार दर्शन।

  • श्रीमद्भागवत कथा: प्रातः 6:30 बजे मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु जी की अमृतवाणी में श्रीमद्भागवत से भगवान की दिव्य लीलाओं का श्रवण कराया जाएगा।

  • हरिनाम संकीर्तन: भक्तों द्वारा भगवान के पवित्र नामों का सामूहिक संकीर्तन किया जाएगा।

  • सायंकालीन दीपदान: संध्या आरती के पश्चात भव्य दीपदान का आयोजन होगा।

  • महाप्रसाद वितरण: मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एकादशी विशेष फलाहार और प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

श्रद्धालुओं को सपरिवार मंदिर आने का निमंत्रण

इस्कॉन लखनऊ की ओर से सभी मीडिया प्रतिनिधियों, नगरवासियों और श्रद्धालुओं को सपरिवार मंदिर पहुंचकर श्री श्री राधा रमण बिहारी जी के दिव्य दर्शन करने, संकीर्तन और कथा में शामिल होने तथा महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Tags