गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भक्ति और सेवा का दिखा संगम

A massive outpouring of devotion was witnessed at Gurdwara Guru Singh Sabha on the occasion of the 557th Prakash Parv of Guru Nanak Dev Ji, where a beautiful confluence of faith and selfless service (seva) could be seen.
 
zsdfds

बाराबंकी। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, लाजपत नगर, बाराबंकी में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। फूलों से सजी पालकी साहिब श्रद्धालुओं के आकर्षण का विशेष केंद्र रही। सुबह से ही संगत के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और गुरबाणी, कीर्तन तथा वाहेगुरु के सिमरन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 14 नवंबर से प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सहज पाठ की समाप्ति भी हुई। स्त्री सत्संगत की ओर से लगातार 40 दिनों तक चिल्ला रखा गया, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन सुखमनी साहिब जी का पाठ कर गुरु चरणों में अरदास की गई।

गुरबाणी कीर्तन से संगत हुई निहाल

कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक हजूरी रागी जत्थे के भाई जितेंद्र सिंह रतनपुरी वालों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। इसके बाद संगरूर से आए भाई परगट सिंह जी के जत्थे ने मधुर और भावपूर्ण कीर्तन से श्रद्धालुओं को गुरु भक्ति में लीन कर दिया।

जत्थे ने “नानक नाम परगटया, मिटी धुंध जग चानन होआ” और “नानक नाम जहाज है” जैसे पावन शबदों का गायन किया। इन शबदों के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, नाम सिमरन और मानवता के संदेश को प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधीक्षक समेत कई गणमान्य लोगों ने टेका माथा

इस पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती रवीना त्यागी गुरुद्वारा साहिब पहुंचीं। उन्होंने मत्था टेका, सेवा की और गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके अलावा बैजनाथ रावत, डॉ. पीएल पुनिया, विधायक सुरेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह भुल्लन वर्मा, राजू यादव एमएलसी, सुरेंद्र वर्मा चेयरमैन प्रतिनिधि, डॉ. रामकुमारी मौर्य, डॉ. सतीश वर्मा और डॉ. विवेक वर्मा ने भी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

शहर की अन्य गणमान्य हस्तियों में विनोद गाबा, प्रदीप जैन, रविनन खजांची, नवीन सिंह, डॉ. सुधीर वर्मा, डॉ. विकास यादव और पवन सिंह सहित अनेक लोगों ने पहुंचकर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद लिया।

अरदास के बाद शुरू हुआ गुरु का अटूट लंगर

दोपहर करीब 2:30 बजे अरदास के उपरांत गुरु का अटूट लंगर शुरू हुआ। इसमें बड़ी संख्या में विभिन्न धर्मों के श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर एक साथ बैठकर लंगर छका। इस दौरान गुरु नानक देव जी की सेवा, समानता और आपसी भाईचारे की शिक्षाओं का संदेश भी देखने को मिला।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भूपेंद्र सिंह, सरदार प्रेमपाल सिंह पल्ले, सरदार चरनजीत सिंह, उपप्रधान रविंद्र सिंह कालरा, सचिव हरपाल सिंह, कोषाध्यक्ष हरप्रीत सिंह, स्टेज सेक्रेटरी सतनाम सिंह खालसा, मीडिया प्रभारी प्रीत सिंह, राजदीप सिंह नवल, रविंद्रपाल सिंह अधिवक्ता, जसबीर सिंह विक्की, सरदार प्रेमपाल सिंह, सरदार रणबीर सिंह, सन्नी मालवा, तनप्रीत सिंह, रौनक मारवाह, रणबीर सिंह, सुखमीत कालरा, नरेंद्र कालरा, मलिंदर सिंह और गुरमीत सिंह सहित अनेक सेवादार एवं बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।

प्रकाश पर्व के आयोजन ने गुरु नानक देव जी के नाम सिमरन, सेवा, समानता और मानवता के संदेश को याद करने का अवसर दिया। गुरुद्वारा साहिब में दिनभर भक्ति और सेवा का वातावरण बना रहा।

Tags