नवरात्र के प्रथम दिन उमड़ी आस्था की लहर, गायत्री प्रज्ञा पीठ पिहानी में सजा मां का दिव्य दरबार
पिहानी। नवरात्र के प्रथम दिन कस्बे में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गायत्री प्रज्ञा पीठ में मां दुर्गा का भव्य दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान के साथ मां के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे। पूरे परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल छाया रहा।
प्रथम दिन विशेष रूप से यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें मां भगवती को आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की कामना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यज्ञ का संचालन ट्रस्टी मृदुल कपूर और अनिल राठौड़ के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ यज्ञ की वैज्ञानिक उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और परिवार व क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
नवरात्र के पहले ही दिन उमड़ी इस भारी भीड़ ने पूरे कस्बे को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
