एनसीसी ट्रैकिंग कैम्प के चौथे दिन कैडेटों ने किया भैसाही नाका का भ्रमण प्रकृति से सीखी पर्यावरणीय जागरूकता की सीख
बलरामपुर।
51वीं यूपी बटालियन एनसीसी, बलरामपुर के तत्वावधान में बनवारी देवी अशोक कुमार स्मारक महाविद्यालय में चल रहे ऑल इंडिया एनसीसी यूपी ट्रैकिंग कैंप (द्वितीय) के चौथे दिन मंगलवार को कैडेटों ने भैसाही नाका क्षेत्र का शैक्षिक एवं पर्यावरणीय भ्रमण किया। इस दौरान कैडेटों ने प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता के संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अरविंद प्रताप सिंह पटवाल के नेतृत्व में सभी ग्रुप के कैडेट्स अपने-अपने निर्धारित रूट पर रवाना हुए। जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख निदेशालय के कैडेटों ने भैसाही नाका मार्ग का भ्रमण करते हुए स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र का गहन अध्ययन किया।

भैसाही नाका, जनपद श्रावस्ती में सुहेलवा वन्यजीव अभयारण्य के समीप स्थित है और अपने प्राकृतिक सौंदर्य एवं समृद्ध जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है। यह क्षेत्र भाबर–तराई पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा है, जो विभिन्न प्रकार के वृक्षों — जैसे साल, खैर, शीशम, जामुन, आसन, सागौन तथा औषधीय पौधों — से भरपूर है। सुहेलवा अभयारण्य लगभग 452 वर्ग किलोमीटर में फैला है और नेपाल की सीमा से सटा हुआ है, जिससे यह एक महत्त्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय पारिस्थितिक क्षेत्र का निर्माण करता है।

प्रकृति की गोद में इस भ्रमण के दौरान कैडेटों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के महत्व और सतत विकास की अवधारणा को करीब से समझा। कार्यक्रम ने युवाओं में पर्यावरणीय चेतना और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति संवेदनशीलता को और मजबूत किया।
इस अवसर पर एडम ऑफिसर कर्नल अनुराग गंजवार, सूबेदार मेजर बिनय घोष, ट्रेनिंग जेसीओ नंद सिंह, सूबेदार अशोक, सूबेदार सुबिक गुरुंग, तथा बीएचएम रजनीश सहित बटालियन के अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
