महाशिवरात्रि पर भव्य शिव बारात, गाजे-बाजे संग निकली आकर्षक झांकी

Grand Shiva procession on Mahashivratri, attractive tableau with musical instruments
 
Grand Shiva procession on Mahashivratri, attractive tableau with musical instruments
गड़वार (बलिया):  गड़वार स्थानीय कस्बे के बाजार स्थित शिव शक्ति मंदिर से महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर कमेटी द्वारा भगवान शिव की भव्य एवं आकर्षक बारात निकाली गई। बारात में गोंडऊ नृत्य, डफरा, मृदंग, तासे, डीजे बैंड, घोड़े तथा विभिन्न लोकनृत्यों और गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

शिव बारात मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, हनुमान गढ़ी तिराहा से होते हुए गांव में प्रवेश कर पूरे गांव का भ्रमण करती हुई बाजार में निकली। इसके बाद थाना चौराहा से होकर बभनौली गांव पहुंची और पुनः वहीं से लौटकर मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई।

बारात में भगवान शिव, ब्रह्मा, विष्णु, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती, नारद, राधा-कृष्ण, हनुमान, शिवगण एवं भूत-पिशाच के रूप में सजे छोटे-छोटे बच्चों का अद्भुत स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहा। गांव की छतों से महिलाओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं विभिन्न समाजसेवियों ने बारातियों और श्रद्धालु भक्तों के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की।

इस अवसर पर शिव बारात में सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी भी सम्मिलित हुए। उधर, क्षेत्र के कोटवां गांव में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर आकर्षक शिव बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Tags