विश्वकर्मा जयंती पर गोरखपुर के श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में मुख्यमंत्री ने की सृष्टि के आदिशिल्पी की पूजा-अर्चना

On the occasion of Vishwakarma Jayanti, the Chief Minister offered prayers to the primal architect of the universe at the Shri Vishwakarma Panchayat Temple in Gorakhpur.
 
विश्वकर्मा जयंती पर गोरखपुर के श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में मुख्यमंत्री ने की सृष्टि के आदिशिल्पी की पूजा-अर्चना

गोरखपुर, 17 सितंबर। भगवान विश्वकर्मा की पावन जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों, शिल्पकारों और कारीगरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जो देश अपने शिल्पकारों और कारीगरों को सम्मान देता है, वही प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी भावना के साथ ‘पीएम विश्वकर्मा’ और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को नया मंच उपलब्ध कराया है।

मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह गोरखपुर के जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में आयोजित श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने मंदिर में सृष्टि के आदिशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

कारीगरों को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ने पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक तथा नए बाजारों से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य कारीगरों को उनके हुनर के आधार पर रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार समेत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों के लिए उनकी कला और हुनर ही स्वावलंबन का आधार रहा है। हालांकि आजादी के बाद कई दशकों तक पारंपरिक शिल्प और कारीगरी उपेक्षित रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार ने पहली बार इन कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट और रोजगार से जुड़े विभिन्न अवसरों से जोड़ने का व्यापक प्रयास किया है। उनके अनुसार, सरकार के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार तथा स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के तो पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन विशेष रूप से पवित्र है। एक ओर सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती है, वहीं दूसरी ओर इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि देशभर में कारीगर और शिल्पी अपने-अपने विशिष्ट हुनर के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि गोरखपुर की पावन धरती से भगवान विश्वकर्मा के श्रीचरणों में नमन करते हुए वह प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि देश को लंबे समय तक प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलता रहे और उनके विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रगति हो।

विश्वकर्मा पूजनोत्सव पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव’ पुस्तक का विमोचन भी किया।इस अवसर पर श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति के अध्यक्ष दयानंद शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, स्थानीय पार्षद छट्ठीलाल गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति से जुड़े जयप्रकाश शर्मा, अनूप शर्मा और अजय विश्वकर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

Tags