श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का एक दिवसीय शिविर संपन्न
श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में आज राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रेरणा एवं एकता इकाई द्वारा एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने मानसिक एवं शारीरिक युवा स्वास्थ्य कार्यशाला में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न योगाभ्यास किए।
कार्यशाला में स्वयंसेवकों ने बाह्य प्राणायाम, कपालभाति तथा अन्य क्रियात्मक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इसके साथ ही डिप्रेशन दूर करने एवं शारीरिक सौंदर्य बढ़ाने वाले योगासनों की भी विधिवत प्रैक्टिस कराई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने वाले योगाभ्यास कराए गए तथा विद्यार्थियों को सकारात्मक मानव व्यवहार और पॉजिटिव एटीट्यूड अपनाने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
शिविर के दूसरे सत्र में स्किल डेवलपमेंट एवं रोजगार की बढ़ती संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। लाइटहाउस फाउंडेशन के अली राजा एवं राहुल कनौजिया ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि कम्युनिकेशन स्किल, कंप्यूटर नॉलेज और विश्लेषणात्मक क्षमता का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ किसी व्यावसायिक संगठन या सार्वजनिक उपक्रम में इंटर्नशिप करने की सलाह दी तथा इंटर्नशिप की प्रक्रिया और उसके लिए उचित अप्रोच के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के. के. शुक्ला ने युवा स्वयंसेवकों से समाज सेवा में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और समाज तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अतः सभी को पूरे मनोयोग से समाजोपयोगी कार्यों में आगे आना चाहिए।
प्राचार्य ने महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों द्वारा युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं समाजोपयोगी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। शिविर में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय राज श्रीवास्तव एवं डॉ. आशुतोष शुक्ला सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
