सीखो सिखाओ अवार्ड्स-2026 के ऑनलाइन आवेदन शुरू, बालिका शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को मिलेगा सम्मान
लखनऊ। शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा समाज में शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों को पहचान, सम्मान और प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से सीखो सिखाओ फाउंडेशन ने सीखो सिखाओ अवार्ड्स-2026 की पहल की है। इसके तहत विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल कार्यालय के मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से लखनऊ मंडल के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को सीखो सिखाओ अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत बालिका शिक्षा पुरस्कार के लिए प्रोत्साहित करने तथा ऑनलाइन आवेदन की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश प्राप्त हुए हैं।
बालिका शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
सीखो सिखाओ अवार्ड्स-2026 की पांच श्रेणियों में बालिका शिक्षा पुरस्कार एक महत्वपूर्ण श्रेणी है। इसके अंतर्गत माध्यमिक एवं राजकीय इंटर कॉलेजों में कार्यरत ऐसे शिक्षक-शिक्षिकाओं का चयन किया जाएगा, जिन्होंने बालिका शिक्षा एवं सशक्तीकरण के क्षेत्र में प्रभावी, उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य किए हैं।
चयनित विजेता शिक्षक को 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार उन शिक्षकों के प्रयासों को पहचान देगा, जिन्होंने बालिकाओं के नामांकन बढ़ाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने, उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने तथा आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण के लिए अनुकूल शैक्षिक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सभी जिलों में पहुंचाई गई जानकारी
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि अधिक से अधिक पात्र शिक्षक इस योजना का लाभ उठा सकें, इसके लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल कार्यालय की ओर से लखनऊ मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को संबंधित निर्देश अग्रसारित कर दिए गए हैं।
उन्होंने पात्र शिक्षक-शिक्षिकाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
20 सितंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
सीखो सिखाओ अवार्ड्स-2026 के अंतर्गत बालिका शिक्षा पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए सीखो सिखाओ फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट देखी जा सकती है:आधिकारिक वेबसाइट — seekhosikhao.in इच्छुक शिक्षक-शिक्षिकाओं को आवेदन करने से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध पात्रता एवं आवेदन संबंधी सभी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
