नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विद्यालयों में दिलाई जाएगी ऑनलाइन शपथ
लखनऊ, 17 नवम्बर 2025 नशा मुक्त भारत अभियान (एन.एम.बी.ए.) के अंतर्गत 18 नवम्बर 2025, मंगलवार को देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी उत्सव का मुख्य उद्देश्य भारत को नशामुक्त बनाने के संकल्प को मजबूत करना है।
अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण अनुभाग-1 के निर्देशों के अनुपालन में शिक्षा निदेशक माध्यमिक कार्यालय द्वारा लखनऊ मण्डल के सभी माध्यमिक विद्यालयों को 18 नवम्बर को आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण आयोजन से जुड़ने के निर्देश जारी किए गए हैं। भारत सरकार द्वारा गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर प्रसारित किए जाने की योजना है।
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मण्डल, डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन शपथ दिलाने के लिए भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा एक विशेष क्यूआर कोड जारी किया गया है। प्रतिभागी इस कोड को स्कैन कर नशा मुक्त भारत का संकल्प ले सकेंगे।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मण्डल डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि लखनऊ मण्डल के सभी जिलों—लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, हरदोई और रायबरेली—में जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराएं। इसके लिए विद्यालयों के व्हाट्सऐप ग्रुप तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्यूआर कोड अधिकतम स्तर पर साझा किया जा रहा है। डॉ. दिनेश कुमार ने यह भी बताया कि क्यूआर कोड मण्डलीय कार्यालय द्वारा संचालित सभी आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप्स में उपलब्ध करा दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी अभियान से जुड़ सकें।
