कानपुर साउथ जोन में साइबर ठगी के 7,300 से अधिक मामले, करीब 18 करोड़ रुपये का नुकसान
कानपुर। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच लोगों को डिजिटल ठगी से बचाने और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बजाज फाइनेंस लिमिटेड ने कानपुर नगर में ‘नॉकआउट डिजिटल फ्रॉड’ जागरूकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम में साइबर ठगी के बदलते तरीकों, डिजिटल हाइजीन और ठगी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता के बारे में नागरिकों को जानकारी दी गई।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, कानपुर साउथ जोन में अप्रैल 2025 से अब तक साइबर अपराध की 7,300 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं। इन मामलों में नागरिकों को करीब 18 करोड़ रुपये का वित्तीय नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, समय पर शिकायत मिलने के कारण करीब 6.27 करोड़ रुपये की ठगी की रकम को ब्लॉक करने में सफलता मिली।
यूपी में 4.10 लाख से ज्यादा साइबर फ्रॉड केस
गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी 2025 तक उत्तर प्रदेश में 4,10,116 साइबर फ्रॉड मामले सामने आए थे। इनमें कुल वित्तीय नुकसान 3,377.49 करोड़ रुपये बताया गया। सिटीजन फाइनेंशियल साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से समय पर शिकायत मिलने पर 511.18 करोड़ रुपये के लेनदेन को ब्लॉक करने में सफलता मिली।
ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने की अपील
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञों ने बताया कि अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। इनमें क्यूआर कोड फ्रॉड, फर्जी केवाईसी अपडेट, नकली कस्टमर केयर, फर्जी लोन एप्लीकेशन, बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर भेजे गए संदेश और आकर्षक ऑनलाइन ऑफर प्रमुख हैं।
‘नॉकआउट डिजिटल फ्रॉड’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को इन तरीकों की पहचान करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया। बजाज फाइनेंस के अनुसार, यह पहल आरबीआई की एनबीएफसी के लिए फ्रॉड रिस्क मैनेजमेंट संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप डिजिटल वित्तीय जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है। कंपनी ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में देशभर में 100 से अधिक डिजिटल जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गई थीं।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत
साउथ जोन साइबर सेल के इंचार्ज सनित मलिक ने कहा कि आज के दौर में स्मार्टफोन इस्तेमाल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को साइबर अपराधियों से अधिक सतर्क और जागरूक रहना जरूरी है। उन्होंने लोगों से मोबाइल और अन्य डिवाइस को नियमित रूप से अपडेट करने, अनावश्यक ऐप हटाने तथा संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ऑफर से बचने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओटीपी, पिन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
किदवई नगर साइबर सेल की इंचार्ज आरती राजपूत ने कहा कि महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और बच्चे साइबर अपराधियों के निशाने पर रहने वाले संवेदनशील वर्गों में शामिल हैं। महिलाओं को सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए निशाना बनाया जा रहा है, जबकि वरिष्ठ नागरिक डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी कॉल, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और पहचान की नकल जैसे अपराधों का शिकार हो रहे हैं। बच्चों के लिए ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर जोखिमों के प्रति परिवारों को विशेष रूप से सजग रहने की जरूरत है।
ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत
साउथ जोन साइबर सेल के हेड कांस्टेबल राम अवतार यादव ने बताया कि फर्जी लोन ऐप, बिजली बिल संबंधी फर्जी संदेश और क्यूआर कोड स्कैम के जरिए लोगों को ठगा जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि साइबर फ्रॉड होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि शुरुआती समय में शिकायत मिलने पर संबंधित लेनदेन को रोकने या रकम को फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए पीड़ित को घटना के बाद समय गंवाए बिना कार्रवाई करनी चाहिए।
‘भरोसा करने से पहले सत्यापन करें’
बजाज फाइनेंस लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा कि ग्राहकों की वित्तीय सुरक्षा कंपनी की प्राथमिकता है। ‘नॉकआउट डिजिटल फ्रॉड’ अभियान के माध्यम से लोगों को साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों से “भरोसा करने से पहले सत्यापन करें, क्लिक करने से पहले सोचें और संदिग्ध लेनदेन की तत्काल सूचना दें” की अपील की गई।
कानपुर नगर के जूही कॉलोनी स्थित ज्योति हाइट्स अपार्टमेंट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संजय मेहरोत्रा, अजय प्रकाश श्रीवास्तव, जीएस त्रिवेदी, एमएस माहेश्वरी, कपिल राठौर, प्रांशु पुरवार, डॉ. केजी गुप्ता, केबी सिंह समेत बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। केडीए हाइट्स एसोसिएशन की ज्योति सहित अन्य लोगों ने भी सहभागिता की। बजाज फाइनेंस की ओर से शान्तनु, निखिल कुमार, शशिकांत तिवारी और गौरव शर्मा ने कार्यक्रम में भाग लिया।
