Pak vs WI 2nd Test 2026: अब्दुल्ला शफीक ने तोड़ा 49 साल पुराना रिकॉर्ड, त्रिनिदाद टेस्ट में वेस्टइंडीज पर पाकिस्तान ने कसा शिकंजा

Pak vs WI 2nd Test 2026: Abdullah Shafique breaks 49-year-old record; Pakistan tightens grip on West Indies in Trinidad Test.
 
Pak vs WI 2nd Test 2026: अब्दुल्ला शफीक ने तोड़ा 49 साल पुराना रिकॉर्ड, त्रिनिदाद टेस्ट में वेस्टइंडीज पर पाकिस्तान ने कसा शिकंजा
Pakistan vs West Indies 2nd Test: कैरेबियाई सरजमीं पर पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (Abdullah Shafique) ने इतिहास रच दिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शफीक ने नाबाद 160 रनों की मैराथन पारी खेलकर 49 साल लंबे इंतजार को खत्म कर दिया। उनकी इस शानदार पारी और साजिद खान की घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने त्रिनिदाद टेस्ट पर अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली है।

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहली पारी में 387 रन बनाए और वेस्टइंडीज पर 43 रन की अहम बढ़त हासिल की। इसके बाद गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मेजबान टीम को 6 विकेट पर 103 रन तक समेट दिया। ऑफ स्पिनर साजिद खान ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान की स्थिति और मजबूत कर दी।

शफीक ने खत्म किया 49 साल का इंतजार

दूसरे दिन शतक पूरा करने वाले अब्दुल्ला शफीक ने तीसरे दिन भी संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने नाबाद 160 रन की पारी में 15 चौके और 3 छक्के लगाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ शफीक 1977 के बाद वेस्टइंडीज की धरती पर टेस्ट मैच में 150 या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए। इससे पहले माजिद खान ने 1977 में गुयाना टेस्ट में 167 रन बनाए थे।

कैरेबियाई धरती पर पाकिस्तान के सर्वोच्च टेस्ट स्कोर

  • हनीफ मोहम्मद (1958) – 337 रन
  • वजीर मोहम्मद (1958) – 189 रन
  • माजिद खान (1977) – 167 रन
  • अब्दुल्ला शफीक (2026) – 160 रन*
  • सईद अहमद (1958) – 150 रन

पाकिस्तान जीत के करीब

वेस्टइंडीज की ओर से स्पिनर जोमेल वॉरिकन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 112 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जिससे पाकिस्तान को और बड़ी बढ़त लेने से रोका जा सका।हालांकि, मेजबान टीम को एक और झटका तब लगा जब सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग पीठ की चोट के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके। उनके चौथे दिन खेलने पर भी संशय बना हुआ है।अब वेस्टइंडीज पर मैच बचाने का दबाव है, जबकि पाकिस्तान की नजरें इस मुकाबले को जीतकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर करने पर टिकी हैं।

Tags