संस्कृत निबंध और श्लोक प्रतियोगिता में पलक पाण्डेय व शुभ्रा कीर्ति ने हासिल किया प्रथम स्थान
बलरामपुर। महारानी लाल कुँवरि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलरामपुर में शनिवार को संस्कृत निबंध एवं संस्कृत श्लोक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संस्कृत निबंध प्रतियोगिता में बीए तृतीय सेमेस्टर की पलक पाण्डेय ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि संस्कृत श्लोक प्रतियोगिता में बीएड प्रथम वर्ष की शुभ्रा कीर्ति पाण्डेय प्रथम रहीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पांडेय के निर्देशन तथा डॉ. अवनीन्द्र दीक्षित के संयोजकत्व में संस्कृत निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘सत्यमेव जयते नानृतम्’ रखा गया था। इसमें 13 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अपने विचार व्यक्त करने के लिए एक घंटे का समय दिया गया। विद्यार्थियों ने निर्धारित समय में सत्य की महत्ता, नैतिक मूल्यों और जीवन में सत्य की भूमिका पर आधारित निबंध प्रस्तुत किए।
निबंध प्रतियोगिता में पलक प्रथम
महाविद्यालय की सांस्कृतिक निदेशिका प्रो. रेखा विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न हुआ। निबंध प्रतियोगिता में पलक पाण्डेय ने प्रथम, बीएड द्वितीय वर्ष की शगुन ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर के सुधांशु पाठक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं संस्कृत श्लोक प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. सुनील कुमार शुक्ल और मनीषा तिवारी ने विषय, छंद और लय के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। इसमें शुभ्रा कीर्ति पाण्डेय ने प्रथम, सुनंदा शुक्ला ने द्वितीय तथा बीए तृतीय सेमेस्टर की पलक पाण्डेय ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रभारी प्राचार्य प्रो. वीणा सिंह ने विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. ए.के. दीक्षित ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेंद्र कुमार चौहान, डॉ. अनिल पाण्डेय सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

