पूर्वोत्तर रेलवे की बैठक में पंकज श्रीवास्तव ने उठाई देवीपाटन मंडल की रेल सुविधाओं की आवाज

गोंडा-प्रयागराज इंटरसिटी से वंदे भारत तक, रेलवे बैठक में पंकज श्रीवास्तव ने रखीं कई मांगें
इटियाथोक-बनगाई में ट्रेन ठहराव और गोंडा में वाशिंग पिट की मांग, रेलवे अधिकारियों के सामने उठे मुद्दे
 
snnsns
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय में आयोजित पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक में समिति सदस्य पंकज कुमार श्रीवास्तव ने गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित देवीपाटन मंडल की जनता से जुड़े विभिन्न रेल मुद्दों और यात्री सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे एवं वरिष्ठ जोनल अधिकारियों के समक्ष जनहित से जुड़े सुझाव रखते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।

बैठक में श्रीवास्तव ने कहा कि देवीपाटन मंडल के लोगों की कई रेल संबंधी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं, छात्रों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोंडा से प्रयागराज और प्रयागराज से गोंडा के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शीघ्र शुरू करने की मांग रखी।


उन्होंने गोंडा-गोरखपुर मार्ग पर संचालित ट्रेन संख्या 15070/15069 इंटरसिटी एक्सप्रेस का इटियाथोक रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उनके अनुसार, इस ठहराव से क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को सुविधा मिल सकेगी।


इसके अलावा उन्होंने गोंडा-बहराइच रेल मार्ग स्थित बनगाई रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव किए जाने तथा यात्रियों की सुविधा के अनुसार वर्तमान समय-सारणी में आवश्यक संशोधन करने की मांग भी रखी।


गोंडा जंक्शन को आदर्श टर्मिनल बनाने की मांग
पंकज कुमार श्रीवास्तव ने गोंडा जंक्शन को एक आदर्श टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए वाशिंग पिट लाइन के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे गोंडा से नई ट्रेनों का संचालन शुरू करने में सुविधा होगी और ट्रेनों के रखरखाव की व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।


उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली को पूर्वांचल से सीधे जोड़ने के लिए नई दिल्ली-गोरखपुर वाया गोंडा और गोरखपुर-नई दिल्ली वाया गोंडा अत्याधुनिक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का सुझाव दिया। उन्होंने इस मार्ग पर वंदे भारत या राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेन के संचालन की मांग रखी।


रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने का मुद्दा भी उठाया
बैठक में रेलवे की जमीनों पर कथित अवैध अतिक्रमण और रेलवे कॉलोनियों में बाहरी व्यक्तियों के अवैध कब्जे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। श्रीवास्तव ने गोंडा एवं देवीपाटन मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास खाली पड़ी रेलवे भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाने की मांग की।


उन्होंने सुझाव दिया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए रेलवे कर्मचारियों और आश्रितों के लिए आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएं और नियमानुसार उनका आवंटन किया जाए।


बैठक की अध्यक्षता कर रहे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोडकर ने समिति सदस्य द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने विभिन्न सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागीय एवं जोनल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा समस्याओं के शीघ्र और सकारात्मक निस्तारण का आश्वासन दिया।

Tags