बदलते मौसम में बच्चों को ठंड से बचाएं अभिभावक: डॉ. एसएस रज़ा

बेमौसम बारिश के बाद बढ़ी ठंड को देखते हुए बाल रोग विशेषज्ञ ने दी सलाह, सर्दी-जुकाम और बुखार के लक्षण दिखने पर डॉक्टर से कराएं परामर्श

 
xtftdr

ब्यूरो चीफ आर.एल. पाण्डेय

लखनऊ। बेमौसम बारिश के कारण मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। ऐसे में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सैयद शाहिद रज़ा ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अभी से जरूरी सावधानियां बरतें।

डॉ. रज़ा ने कहा कि छोटे बच्चों पर बदलते मौसम का असर जल्दी पड़ता है। इसलिए उन्हें गर्म कपड़े पहनाकर रखें और ठंडी हवा में अनावश्यक बाहर न निकलने दें। बच्चों को मौसम के अनुसार गर्म रखें तथा उनकी साफ-सफाई और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों की सेहत के प्रति अभी से जागरूक होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में छोटे बच्चे सर्दी, जुकाम, बुखार और अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। इन दिनों ओपीडी में भी बच्चों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में यदि बच्चे में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न करें और तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक से परामर्श लें।

डॉ. रज़ा ने स्पष्ट किया कि बच्चों को बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई दवा नहीं देनी चाहिए। दवाओं का इस्तेमाल केवल डॉक्टर के परामर्श के अनुसार ही करें। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को आवश्यक दवाइयां और जांच की सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों के खानपान, कपड़ों और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें, ताकि उन्हें सर्दी-जुकाम, बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों से बचाया जा सके।

Tags