पथरी के इलाज के नाम पर मरीज की किडनी गायब दी
बिना सर्जन के किया गया ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2025 को अलाउद्दीन पेट दर्द और पथरी की समस्या लेकर अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल संचालक इमामुद्दीन और तार मोहम्मद ने तत्काल सर्जरी की आवश्यकता बताकर उन्हें भर्ती कर लिया। आरोप है कि रात में बिना किसी योग्य सर्जन की मौजूदगी के ही संचालकों ने खुद ऑपरेशन कर डाला।
दूसरी जांच में हुआ खुलासा
ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत बिगड़ती चली गई। जब उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया तो जांच में सामने आया कि उसकी एक किडनी गायब है। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच और कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर सीओ खडडा बसंत कुमार सिंह और थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण किया। मंगलवार की रात पीड़ित की तहरीर पर अस्पताल संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी
इस चौंकाने वाले मामले पर जब प्रभारी सीएमओ डा. बृजनंदन से सवाल किया गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। उनका कहना था मामले की जानकारी नहीं है, लिखित शिकायत मिलते ही जांच कराई जाएगी।” किडनी निकालने का यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। लोग अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
