काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ पर शहीदों को किया नमन
P
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन के वीर क्रांतिकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले इन रणबांकुरों का साहस, त्याग, एकता और देशप्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के वीरों ने जाति, धर्म और वर्ग की सीमाओं से ऊपर उठकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। उनके बलिदान को याद करना केवल इतिहास को स्मरण करना नहीं, बल्कि वर्तमान और भावी पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और भाईचारे की राह दिखाना भी है। इस अवसर पर शिक्षा, व्यापार, चिकित्सा, तकनीक तथा विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक एवं सार्वजनिक योगदान देने वाले चिकित्सकों, व्यापारियों और शिक्षाविदों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव ‘राजू’, साझी विरासत के संयोजक परवेज अहमद, अध्यक्ष अंकुर माथुर, फरहान वास्ती तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक रंजन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
साझी विरासत के संयोजक परवेज अहमद ने अपनी पूरी टीम के साथ मुख्य अतिथि अरविंद कुमार सिंह गोप का मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का शुभारंभ किया।
कवि सम्मेलन और मुशायरे में देशभक्ति, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता से ओत-प्रोत रचनाओं ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। शायरों और कवियों ने अपनी गीतों, गजलों और कविताओं के माध्यम से आजादी के मतवालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। देर तक चले कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
मुख्य अतिथि ने आजादी के वीरों की स्मृति में शानदार आयोजन के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारियों और साझी विरासत की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
