पी. डी. हिंदुजा अस्पताल ने मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से मिलाया हाथ

P.D. Hinduja Hospital partners with the Uttar Pradesh government to strengthen maternal and adolescent health services.
 
ebbsbs
लखनऊ, 14 अगस्त 2026। पी. डी. हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर और उत्तर प्रदेश सरकार के स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन (एसटीसी-यूपी) ने प्रदेश के 35 जिलों में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए साझेदारी की है। इस राज्य स्तरीय पहल का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने किया।

लखनऊ स्थित राम प्रकाश गुप्ता मातृत्व एवं शिशु राज्य रेफरल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने पूरी तरह सुसज्जित हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मोबाइल यूनिट्स में प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीम मौजूद रहेगी, जो जरूरतमंद लोगों को मौके पर ही स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर रेफरल सहायता उपलब्ध कराएगी।
एसटीसी-यूपी की ओर से जिला स्तर पर समन्वय, प्रशासनिक मंजूरियों तथा स्कूलों और सामुदायिक स्थलों तक पहुंच बनाने में सहयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य मोबाइल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदेश की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था से प्रभावी ढंग से जोड़ना है।

bzsbsb


मातृशक्ति और युवाओं पर विशेष फोकस
कार्यक्रम में दो प्रमुख लाभार्थी समूहों को केंद्र में रखा गया है। पहला समूह ‘मातृशक्ति’ है, जिसमें मुख्यमंत्री मातृत्व सुरक्षा संकल्प योजना के तहत गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को शामिल किया गया है। दूसरा समूह ‘युवा’ है, जिसके तहत 13 से 19 वर्ष आयु के किशोर-किशोरियों को सरकारी एवं सहायता प्राप्त स्कूलों तथा सामुदायिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।


यह पहल पी. डी. हिंदुजा अस्पताल की राष्ट्रीय स्वास्थ्य पहल ‘सेविंग लाइव्स. बिल्डिंग ए हेल्दीयर भारत’ का हिस्सा है। अस्पताल की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 24 फरवरी 2026 को मुंबई के लोक भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने इस पहल का शुभारंभ किया था। वर्षभर चलने वाली इस पहल का उद्देश्य अस्पताल की विशेषज्ञता और स्वास्थ्य सेवाओं को अस्पताल की चारदीवारी से बाहर समुदायों तक पहुंचाना है।


स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने पर जोर


उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने हिंदुजा ग्रुप की पहल की सराहना करते हुए कहा कि माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मोबाइल हेल्थ यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में हिंदुजा अस्पताल के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी और इस साझेदारी को प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करेगी।


पी. डी. हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर के चेयरमैन श्री अशोक पी. हिंदुजा ने कहा कि अस्पताल की 75वीं वर्षगांठ पर शुरू की गई पहल का उद्देश्य अस्पताल के अनुभव और विशेषज्ञता को देश के विभिन्न समुदायों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह साझेदारी माताओं और किशोरों के स्वास्थ्य एवं देखभाल को बेहतर बनाने तथा राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के सहयोग की सराहना की और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के प्रति आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम में भारत में सेशेल्स की उच्चायुक्त एच.ई. हरिसोआ ललाटियाना अकूश विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस अवसर पर स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह, आरएमएल के निदेशक डॉ. सी.एम. सिंह, पी. डी. हिंदुजा अस्पताल के डिप्टी चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर श्री जॉय चक्रवर्ती तथा हिंदुजा ग्रुप लिमिटेड के ग्रुप प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट अफेयर्स डॉ. एस.के. चड्ढा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


इस साझेदारी के माध्यम से पी. डी. हिंदुजा अस्पताल और उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना और स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत करना है। मोबाइल हेल्थ यूनिट के माध्यम से ग्रामीण एवं सामुदायिक क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

Tags