आगामी त्योहारों को लेकर फिरोजाबाद में पीस कमेटी की बैठक आयोजित
फिरोजाबाद। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद ने की।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा शहर के संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान कानून व्यवस्था, आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता और भाईचारे के प्रतीक हैं, जिन्हें शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में राष्ट्रीय युवा वाहिनी के गौ प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित हृदेश शर्मा अपने कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। उन्होंने समाजहित और जनसुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।पंडित हृदेश शर्मा ने कहा कि सभी त्योहार प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं तथा सभी लोगों को मिल-जुलकर शांति और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय युवा वाहिनी और राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर हमेशा समाज में शांति, सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करते रहे हैं और आगे भी प्रशासन के साथ मिलकर जनहित में सहयोग करते रहेंगे।बैठक में मौजूद सभी धर्मगुरुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने एक स्वर में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने का संकल्प लिया।
