महाशिवरात्रि व रमजान को लेकर पीस कमेटी की बैठक
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, तय मार्ग से ही निकलेगा जुलूस: थानाध्यक्ष
Wed, 11 Feb 2026
गड़वार (बलिया)। आगामी महाशिवरात्रि एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर स्थानीय थाना परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने की।
बैठक में थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक, पूजन समिति के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरागत रूप से झांकी एवं जुलूस निकाले जा सकते हैं, लेकिन डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जुलूस केवल बैंड-बाजे के साथ ही निकाला जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस और झांकी पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाली जाएगी, किसी भी नए मार्ग का चयन नहीं किया जाएगा। जुलूस के दौरान नशे का सेवन पूरी तरह वर्जित रहेगा।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अराजकता फैलाने या माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में उपस्थित हिंदू और मुस्लिम समुदाय के गणमान्य नागरिकों तथा ग्राम प्रधानों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आश्वासन दिया। अंत में पुलिस प्रशासन ने आम जनता से आपसी सौहार्द, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
