भीटहरी में सड़क निर्माण को लेकर लोगों में आक्रोश, मार्ग नहीं बना तो करेंगे मतदान का बहिष्कार
शहीद भगत सिंह द्वितीय वार्ड में करीब 500 मीटर क्षतिग्रस्त सड़क बनी परेशानी का कारण, बैठक कर लोगों ने जताई नाराजगी
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नगर निगम जोन-7 के अंतर्गत शहीद भगत सिंह द्वितीय वार्ड के भीटहरी क्षेत्र में सड़क निर्माण न होने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े पुराने मार्ग की मरम्मत और निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने बैठक आयोजित कर अपनी समस्याएं उठाईं।
बैठक में करीब 500 मीटर लंबे क्षतिग्रस्त मार्ग को क्षेत्र की प्रमुख समस्या बताया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि खराब सड़क के कारण उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान लोगों ने अपनी-अपनी बातें रखीं और जनप्रतिनिधियों के प्रति असंतोष जाहिर किया।
बैठक में मौजूद लोगों ने वर्तमान विधायक और पार्षद के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं कराए गए हैं। लोगों ने स्पष्ट कहा कि यदि सड़क का निर्माण जल्द नहीं कराया गया तो आगामी चुनाव में वे मतदान का बहिष्कार करने पर विचार करेंगे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। ऐसे में क्षतिग्रस्त मार्ग की समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। बैठक में भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी के प्रदेश उपाध्यक्ष राम रत्न यादव, ब्रज मोहन, राम अवध, संजीव गौतम, मनोज गौतम, वैजनाथ, विनोद यादव, सूरज, सचिन, कमलेश, अभिषेक कुमार गौतम और राजेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
