पायनियर पब्लिक स्कूल में दीपावली पर सेवा और संस्कृति का संगम, जरूरतमंद ग्रामीणों को बांटे वस्त्र व खाद्य सामग्री
बलरामपुर। पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज, कालीथान में दीपावली के अवसर पर सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की गई। 6 नवंबर 2026 को विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने निकटवर्ती गांव कालीथान के जरूरतमंद परिवारों के बीच वस्त्र, खाद्य सामग्री और दीपावली से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। इसके साथ ही विद्यालय में धनतेरस के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

वस्त्र एवं खाद्य सामग्री वितरण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी, कोषाध्यक्षा श्रीमती मीता तिवारी, प्रबंधक इं. आकाश तिवारी, निदेशक श्रीमती प्रकृति तिवारी, उप प्रधानाचार्या श्रीमती शिखा पाण्डेय और मुख्य समन्वयक श्री सलिल सेठ सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
विद्यार्थी अपने घरों से पैंट, शर्ट, टी-शर्ट, सलवार-सूट, धोती, कुर्ता-पायजामा, दीपक, मोमबत्ती, तेल, लाई और मिठाई सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं लेकर आए थे। विद्यालय परिवार ने गांव पहुंचकर इन सामग्रियों को जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच वितरित किया। दीपावली के अवसर पर मिली सहायता से ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को जरूरतमंदों की मदद करने और त्योहार की खुशियां सबके साथ साझा करने की प्रेरणा दी गई।इस सेवा कार्य में नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न कक्षाओं के बच्चों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सामग्री एकत्रित करने और वितरण में सहयोग किया।
धनतेरस पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
वस्त्र एवं खाद्य सामग्री वितरण के बाद विद्यालय परिसर में धनतेरस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी, कोषाध्यक्षा श्रीमती मीता तिवारी, प्रबंधक इं. आकाश तिवारी, निदेशक श्रीमती प्रकृति तिवारी, उप प्रधानाचार्या श्रीमती शिखा पाण्डेय, मुख्य समन्वयक श्री सलिल सेठ तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. शिवानन्द पाण्डेय, विभागाध्यक्ष, अर्थशास्त्र विभाग, एमएलके पीजी कॉलेज, बलरामपुर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य और गीतों के माध्यम से दीपावली की परंपराओं, खुशियों और सांस्कृतिक महत्व को प्रस्तुत किया। कक्षा दो के विद्यार्थियों श्रद्धा, चाहत, सृष्टि, अविका, तुलसी, अनिका और कृतिका ने ‘मेरे तुम्हारे हैप्पी दिवाली’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा पांच के अवंतिका, सृष्टि, श्रद्धा तिवारी, श्रद्धा यादव, सृष्टि, आस्था, नितिका, आराध्या, आशी, सुशांत, यशवी और आस्था ने ‘राम सियाराम’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर दीपावली के उल्लास और उमंग से सराबोर हो उठा। अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही आपसी प्रेम, सद्भाव, खुशहाली और सुरक्षित ढंग से त्योहार मनाने का संदेश दिया गया।

