सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पॉयनियर पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते दो स्वर्ण पदक
बलरामपुर। वाराणसी में आयोजित पांच दिवसीय सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पॉयनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज, बलरामपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 25 अगस्त 2026 तक दालिम्स सनबीम स्कूल, चकिया, चंदौली, वाराणसी में किया गया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी, उप-प्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय एवं उप-प्रधानाचार्य राघवेन्द्र त्रिपाठी ने बॉक्सिंग कोच अमित राणा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए रवाना किया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में विद्यालय की ओर से देवांश सिंह (38-40 किग्रा.), मोहम्मद कैफ (52-54 किग्रा.), विवेक (48-50 किग्रा.), यशवर्धन सिंह (28-30 किग्रा.) और यशवर्धन अवस्थी (44-46 किग्रा.) ने प्रतिभाग किया।इनमें देवांश सिंह ने 38-40 किलोग्राम भार वर्ग तथा यशवर्धन अवस्थी ने 44-46 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता के दौरान दालिम्स सनबीम स्कूल की प्रधानाचार्या ने दोनों विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें तथा अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन करें।स्वर्ण पदक हासिल करने वाले दोनों खिलाड़ियों की टीम अब अक्टूबर 2026 में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए हरियाणा जाएगी।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी ने देवांश सिंह और यशवर्धन अवस्थी को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय, उप-प्रधानाचार्य राघवेन्द्र त्रिपाठी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
