सर्टिफिकेट पाकर खिले खिलाड़ियों के चेहरे, डीएम ने बढ़ाया हौसला

अवध ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित, डीएम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए किया प्रेरित
 
DQW
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित अवध ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को गुरुवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने सम्मानित किया। सेक्टर-1, आवास विकास कॉलोनी स्थित विजय पार्क में संचालित ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए। सम्मान मिलने पर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ ताइक्वांडो प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय रेफरी जितेंद्र कुमार मौर्य ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अव्यांश, अरुण प्रताप सिंह, वरुण प्रताप सिंह, वैष्णवी, ईशान सिंह, अक्षत सिंह, अथर्व वर्मा, समर मौर्य, रेयान, असदुल्ला, एकाग्र सिंह, अनुभव मिश्रा और अनय वर्मा को मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा नियमित अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करें।

इस दौरान ताइक्वांडो प्रशिक्षक मनीष दत्त और तुषार विश्वकर्मा ने एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी को प्रतीक चिह्न भेंट किया।

वरिष्ठ प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाला इस तरह का सम्मान उनका मनोबल बढ़ाता है और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।

उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव राजकुमार और जिला सचिव सतीश चौहान ने भी सम्मानित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags