पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने वित्तीय समावेशन अभियान का किया नेतृत्व, 600 लोगों ने लिया हिस्सा
लखनऊ डेस्क, आर. एल. पाण्डेय। समाज के प्रत्येक नागरिक तक बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 21 नवंबर 2026 को लखनऊ जनपद के नारायणपुर गांव, तहसील नरौना में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने की। अभियान में आसपास के गांवों से करीब 600 ग्राहकों ने भाग लिया।
यह विशेष अभियान 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों में शिविरों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
वित्तीय सुरक्षा और जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि पहुंच, जागरूकता और सशक्तिकरण के माध्यम से नागरिकों को अधिक वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराना तथा व्यापक वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करना इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए, ताकि लोग आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन सकें।
शिविरों में मिल रहीं कई महत्वपूर्ण सुविधाएं
अभियान के तहत आयोजित विशेष शिविरों में नागरिकों को विभिन्न बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) में नामांकन शामिल है। इसके साथ ही पीएमजेजेबीवाई और पीएमएसबीवाई में आधार आधारित सीडिंग की सुविधा भी दी जा रही है।
शिविरों में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के आवेदनों की सोर्सिंग, मौजूदा प्रधानमंत्री जनधन योजना (पीएमजेडीवाई) तथा अन्य बचत खातों की री-केवाईसी, लंबित खातों में सी-केवाईसी आईडी उपलब्ध कराने और निष्क्रिय जनधन खातों को पुनः सक्रिय करने की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
इसके अतिरिक्त खातों में नॉमिनेशन अपडेट करने, वित्तीय जागरूकता सत्र आयोजित करने और बिना दावे वाली जमा राशियों के निपटान के लिए आवेदन करने में भी लोगों की सहायता की जा रही है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
अशोक चंद्र ने कहा कि पीएनबी का संकल्प है कि वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए। विशेष रूप से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को वित्तीय योजनाओं से जोड़ना बैंक की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के समापन पर लखनऊ अंचल के अंचल प्रबंधक पंकज आनंद ने बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र, बैंक मित्रों (बीसी), जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बैंक के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय सामाजिक सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे।
