वेक खंड-2 जन कल्याण समिति की बैठक में PNG, सफाई, पेयजल और अतिक्रमण के मुद्दे उठे
महासमिति के पदाधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया भरोसा
लखनऊ। विवेक खंड-2 जन कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक 27 सितंबर 2026 को विवेक खंड स्थित प्रचार सचिव अविरल बिसारिया के आवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष अनिल भटनागर ने की। इस अवसर पर गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के प्रतिनिधि के रूप में कार्यकारी महासचिव कर्नल ए.एन. पांडेय और सचिव संजय निगम भी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत सचिव राजीव सक्सेना द्वारा महासमिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के स्वागत से हुई। इसके बाद उन्होंने गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के सहयोग से समिति की ओर से इस अवधि में किए गए कार्यों की जानकारी दी।
55-60 नए PNG कनेक्शन लगाए गए
बैठक में PNG कनेक्शन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सचिव राजीव सक्सेना ने बताया कि महासमिति के सचिव संजय निगम के प्रयासों से विवेक खंड-2 में लंबे समय से लंबित करीब 55 से 60 नए PNG कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। शेष कनेक्शनों के लिए भी प्रयास जारी हैं। हालांकि, कई घरों में अभी तक कनेक्शन नहीं लगने पर निवासियों ने नाराजगी जताई।
उन्होंने बताया कि शासकीय आदेश के कारण 30 सितंबर 2026 तक गड्ढे खोदने आदि पर प्रतिबंध था। अब 1 अक्टूबर से PNG कनेक्शन संबंधी कार्यवाही में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों से कहा जाएगा।

सफाई और कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था पर नाराजगी
कार्यकारिणी सदस्यों ने घरों से प्रतिदिन कूड़ा उठान नहीं होने तथा सड़कों पर नियमित सफाई और झाड़ू न लगने की समस्या भी उठाई। सदस्यों ने नियमित कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यकारी महासचिव कर्नल ए.एन. पांडेय ने कहा कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि क्षेत्र के निवासी नगर निगम के ऐप के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज करें, ताकि संबंधित अधिकारियों तक समस्याओं की जानकारी पहुंच सके।
पेयजल की अनियमित आपूर्ति का मुद्दा
बैठक में विवेक खंड-2 में पेयजल की अनियमित और अपर्याप्त आपूर्ति के साथ-साथ कई स्थानों पर गंदे पानी की समस्या पर भी चिंता जताई गई। कार्यकारी महासचिव ने बताया कि इस मामले में जलकल विभाग के महाप्रबंधक से त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया जाएगा।
खाली प्लॉटों में उगी घास-फूस से परेशानी
बारिश के कारण क्षेत्र के खाली प्लॉटों में उगी घास-फूस को लेकर भी सदस्यों ने समस्या रखी। सचिव ने बताया कि पूर्व में ऐसे प्लॉटों की सूची संबंधित प्राधिकरण को भेजी जा चुकी है।
इस पर संजय निगम ने सुझाव दिया कि मामले को लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के संज्ञान में लाकर खाली प्लॉटों की सफाई और समस्या के निस्तारण के लिए कार्रवाई कराई जाए।
ट्रैफिक और अतिक्रमण पर भी चर्चा
बैठक में यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एन.एन. टंडन ने पीएनबी तिराहे पर शाम के समय बढ़ते यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक कांस्टेबल की तैनाती की आवश्यकता बताई।
डॉ. ए.के. सिंह ने एलडीए मार्केट में दुकानदारों द्वारा किए गए अनधिकृत कब्जे से स्थानीय निवासियों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। वहीं, खेमपाल ने होंडा शोरूम के पास टूटी स्लैब और फुटपाथ पर अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया।
कार्यकारी महासचिव ने कहा कि यातायात और अनधिकृत कब्जे से संबंधित मामलों में संबंधित विभागों से बातचीत कर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न नागरिक समस्याओं पर चर्चा के बाद उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
अंत में समिति के उपाध्यक्ष अनिल भटनागर ने सभी सदस्यों को उनकी उपस्थिति और महत्वपूर्ण सुझावों के लिए धन्यवाद दिया तथा बैठक का समापन किया।
अनिल भटनागर
उपाध्यक्ष
राजीव सक्सेना
सचिव
विवेक खंड-2 जन कल्याण समिति
